*उपायुक्त डाॅ. प्रियंका सोनी ने कालका और पिंजौर का दौरा कर हरियाणा सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की करी समीक्षा*
*- संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा करने के दिये निर्देश*
*- उपायुक्त ने एसडीएम आॅफिस और तहसील आॅफिस कालका का भी किया दौरा, लोगों को तय समय सीमा में सरकारी की सेवाओ का लाभ देने के दिये निर्देश*
पंचकूला, 17 मई- उपायुक्त डाॅ. प्रियंका सोनी ने आज कालका और पिंजौर का दौरा कर हरियाणा सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिये।
उन्होंने सूरजपुर-बद्दी बाईपास के निर्माण कार्य का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों को कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग) जगविंदर रंगा ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि आरयूबी का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि शेष बचा कार्य रेलवे से स्वीकृति मिलने के उपरांत 1 जून से शुरू हो जाएगा।
उपायुक्त ने माॅडल टाउन पिंजौर के समीप रेलवे लाईन पर निर्माणाधीन आरओबी का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि आरओबी का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और इसे मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्षय रखा गया है। इसके पश्चात उपायुक्त ने क्लासिक होटल पिंजौर के समीप रेलवे लाईन के नीचे बनाए जा रहे अंडरपास क्राॅसिंग के कार्य का निरीक्षण किया और इसे शीघ्र-अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये ताकि लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।
डाॅ. प्रियंका सोनी ने पपलोहा का भी दौरा किया और वहां बनाए जाने वाले पंजीरी प्लांट के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सीडीपीओ पिंजौर आरू वशिष्ठ को निर्देश दिये कि वे मुख्यालय से समन्वय स्थापित करते हुए इस कार्य को शीघ्र शुरू करवाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि गांव के सरपंच से मिल कर पंजीरी प्लांट को जाने वाली सड़क को चैड़ा करवाया जाए जिससे ग्रामीणो के साथ-साथ पंजीरी प्लांट के निर्माण के लिए आने वाले वाहनों को भी सुविधा होगी। उपायुक्त ने एसडीएम आॅफिस और तहसील आॅफिस कालका का भी दौरा किया और वहां सरल केन्द्र और भूमि पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाए कि यहां आने वाले लोगों को तय समय सीमा में सरकार की विभिन्न सेवाओं का लाभ मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डाॅ. प्रियंका सोनी ने खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय पिंजौर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय भवन में चल रहे खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड रोजगार अधिकारी और खण्ड खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले अधिकारी के कार्यालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में सरकारी रिकाॅर्ड को व्यवस्थित रूप से रखने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके पश्चात उन्होंने बसौला स्थित एयरोड्रम का भी दौरा किया और वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों के बारे में जानकारी ली। उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि वर्तमान में 60 प्रशिक्षणार्थियों द्वारा यहां प्रशिक्षण लिया जा रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम कालका रूचि सिंह बेदी, तहसीलदार कालका विरेन्द्र गिल, नायब तहसीलदार जितेन्द्र गिल, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग) जगविंदर रंगा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अरूण सिंहमार, सीडीपीओ पिंजौर श्रीमती आरू वशिष्ठ भी उपस्थित थी।