ग्लोबल वार्मिंग व जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं के चलते वन, पर्यावरण एवं वन्य प्राणी सुरक्षा के तंत्र को बढाना व मजबूत करना जरूरी- वन मंत्री
-उप वन राजिक व वन दरोगा आने से विभाग और सुदृढ होगा-कंवरपाल
– पेड़ों के बिना जीवन के अस्तित्व की कल्पना भी नहीं की जा सकती-वन मंत्री
पंचकूला, 25 अक्तूबर- हरियाणा के वन एवं वन्य जीव विभाग मंत्री श्री कंवरपाल ने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग व जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं के चलते यह जरूरी हो गया है कि वन, पर्यावरण एवं वन्य प्राणी सुरक्षा के तंत्र को बढाया जाये व मजबूत किया जाये।
श्री कंवरपाल आज वानिकी प्रशिक्षण संस्थान, पिंजौर में उप वन राजिक अधिकारी (2019 बैच) एवं वन खण्ड अधिकारी (2020 बैच) को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 40 उप वन राजिक व 112 वन दरोगा मिलने से विभाग और सुदृढ होगा। इन कर्मचारियों के आने से बड़े स्तर पर वानिकी कार्य में विभाग की पकड़ मजबूत होगी व विभाग उन्नत होगा।
उन्होंने कहा कि 40 उप वन राजिक के लिए प्रशिक्षण कोर्स सितंबर 2019 से सितंबर 2020 तक सफलतापूर्वक आयोजित किया गया तथा वर्तमान में वन दरोगा प्रशिक्षण कोर्स 11 अक्तूबर से शुरू किया गया है। श्री कंवरपाल ने कहा कि पिंजौर वन प्रशिक्षण संस्थान में 9 विषयों जैसे पर्यावरण, प्रदूषण, वन प्रबंधन, वन संरक्षण एवं सुरक्षा, वन्य प्राणियों का संरक्षण प्रंबन्धन एवं सुरक्षा, नर्सरी तकनीक, वैज्ञानिक तरीके से वृक्षों की कटाई, वन कानूनों एवं अन्य कानूनो की जानकारी दी जाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन विषयों में प्रशिक्षणार्थी दक्ष होकर वन क्षेत्र में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इन नये कर्मचारियों को इस प्रशिक्षण संस्थान में जीआईएस/डीजीपीएस फयूचर टैक्नोलाॅजी, ग्रुप डिस्कशन, माॅडर्न तकनीकों और फील्ड विजिट के माध्यम से वानिकी तथा अन्य कार्यों के लिए पूर्ण रूप से निपुण किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि नये भर्ती किए गए कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि विभाग के जिस भी विंग में उनकी डयूटी लगे उस काम को पूरी पारदर्शिता व लग्न से करने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर श्री कंवरपाल ने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ हमें आॅक्सीजन देते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ों के बिना जीवन के अस्तित्व की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसका संरक्षण भी करना चाहिए। इससे पूर्व उन्होंने वानिकी प्रशिक्षण संस्थान में पौधारोपण भी किया।
इस मौके पर प्रधान वन संरक्षक श्री वीएस तंवर ने कहा कि नये 40 उप वन राजिक व 112 वन दरोगा आने से विभाग और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे फील्ड में जाकर अपने कर्तव्य का बेहतर तरीके से निर्वहन करेंगे जिससे प्रदेश में वानिकी क्षेत्र का और अधिक विकास होगा।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) जगदीश चन्द्र, मुख्य वन संरक्षक जी. रमन, वन संरक्षक कुमारी निवेदिता, वन मण्डल अधिकारी पवन शर्मा, अजय पाल, राघव, सुभाष यादव तथा विभाग के अधिकारी व प्रशिक्षक प्राप्त उप वन राजिक तथा प्रशिक्षणार्थी वन दरोगा उपस्थित थे।