राजकीय महाविद्यालय कालका में साईबर क्राईम विषय पर व्याख्यान का किया गया आयोजन
-पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा शक्ति एप, महिला हेल्पलाईन नंबर 109 तथा 9464661091 की दी जानकारी
पंचकूला, 20 दिसंबर- राजकीय महाविद्यालय कालका की प्राचार्या श्रीमती प्रोमिला मलिक के कुशल नेतृत्व में साईबर क्राईम विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर व्याख्याता पुलिस ग्रीफ काउंसिलर पचंकूला रेनु माथुर रही, जो एक सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को साईबर अपराध की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साईबर अपराध एक खतरनाक अपराध है जिसमें इंटरनेट और कम्प्यूटर का उपयोग शामिल है। इसके माध्यम से डेटा और जानकारी का अवैध हस्तांतरण किया जाता है। साईबर अपराध एक दंडनीय अपराध है। इसके अंतर्गत धोखाधड़ी, पहचान की चोरी, साईबर स्टॉकिंग, अश्लील एक्सपोजर आदि आते हैं। उन्होंने बताया कि साईबर क्राईम में आई.टी. एक्ट के तहत पुलिस कार्यवाही करती है। आई.टी. एक्ट में जुर्माने से लेकर उम्र कैद तक की सजा का प्रावधान है। कम्प्यूटर दूरसंचार और इंटरनेट यूजर को हमेशा सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि साईबर क्राईम से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हैल्पलाईन नंबर 155260 है।
इस अवसर पर महिला पुलिस थाने की एसएचओ नेहा चौहान और एएसआई करमजीत कौर ने दुर्गा शक्ति एप की जानकारी दी। उन्हांेंने विद्यार्थियों को बताया कि दुर्गा शक्ति एप महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल प्रदान कर रही है। पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति एप लांच किया गया है। इस एप को अपने मोबाइल फोन के प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है। जिस पर एक बार साईन-अप करना पड़ता है। यह एप डाउनलोड करने के बाद एक बटन दबाने से ही पीड़ित महिला को तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि अन्य किसी समस्या के लिए महिला हेल्पलाईन नंबर 109 है। इसके अलावा मोबाईल नंबर 9464661091 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
पस्तुत कार्यक्रम यौन उत्पीड़न विरोधी सेल की प्रभारी प्रो. डॉ. बिंदु और महिला प्रकोष्ठ की प्रभाारी डॉ. रागिनी के मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशन में किया गया।