*Chandigarh Shines in Swachh Survekshan 2024–25; Enters the Super Swachh League Cities*

पदम पुरस्कार-2024 के लिए 15 सितंबर तक होंगे नामांकन : एडीसी

  • एडीसी वर्षा खनगवाल ने दी जानकारी, सरकार पदम पुरस्कारों को ‘आम लोगों का पदम’ में बदलने के लिए प्रतिबद्ध
  • पदम विभूषण, पदम भूषण व पदम श्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार

For Detailed

पंचकूला, 20 अगस्त। गणतंत्र दिवस, 2024 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पदम पुरस्कार 2024 के लिए ऑनलाइन नामांकन व अनुशंसा की प्रक्रिया पहली मई से जारी है। पदम पुरस्कारों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर, 2023 है। पदम पुरस्कारों के लिए नामांकन व अनुशंसा राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल ( https://awards.gov.in ) पर ऑनलाइन प्राप्त की जाएंगी।

एडीसी वर्षा खनगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पदम पुरस्कारों यानी पदम विभूषण, पदम भूषण और पदम श्री को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में माना जाता है। वर्ष 1954 में स्थापित, इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। ये पुरस्कार ‘विशिष्ट कार्य’ को मान्यता प्रदान करते हैं और इन्हें कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामले, नागरिक सेवा, व्यापार और उद्योग आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों, विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों व सेवाओं के लिए दिया जाता है। जाति, व्यवसाय, पद या लैंगिक आधार पर भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र होते हैं। डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोडक़र, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले कर्मियों सहित सरकारी कर्मचारी पदम पुरस्कारों के पात्र नहीं होते हैं।


उन्होंने बताया कि सरकार पद्म पुरस्कारों को ‘आम लोगों का पदम’ में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए, सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे स्वयं के लिए नामांकन सहित अन्य व्यक्तियों के लिए नामांकन/अनुशंसा करें। महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग व्यक्तियों तथा समाज के लिए निस्वार्थ सेवा करने वाले लोगों में से वैसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के लिए ठोस प्रयास किए जा सकते हैं जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में मान्यता दिए जाने योग्य हैं।


एडीसी ने बताया कि अनुशंसा किए जाने वाले नामांकन/सिफारिशों के बारे में उपरोक्त पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में निर्दिष्ट सभी प्रासंगिक विवरण शामिल होने चाहिए। इन विवरणों में वर्णनात्मक रूप में एक प्रशंसात्मक उल्लेख (अधिकतम 800 शब्द) शामिल होना चाहिए, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र/विषय में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया हो।


इस संबंध में विस्तृत विवरण गृह मंत्रालय की वेबसाइट ( https://mha.gov.in ) पर ‘पुरस्कार एवं पदक’ शीर्षक के तहत और पद्म पुरस्कार पोर्टल ( https://padmaawards.gov.in ) पर भी उपलब्ध है। इन पुरस्कारों से संबंधित विधान और नियम वेबसाइट पर https://padmaawards.gov.in/AboutAwards.asp& लिंक के साथ उपलब्ध हैं।

https://propertyliquid.com