*MC Chandigarh takes action against encroachments in Sector 15 Patel Market*

राष्ट्रीय स्तर का राज्य पुरातत्व संग्रहालय पंचकूला को दिलाएगा अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर अलग पहचान – ज्ञानचंद गुप्ता

– संग्रहालय राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाने के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी को भी करेगा प्रदर्शित

– राष्ट्रीय स्तर के राज्य पुरातत्व संग्रहालय की स्थापना पंचकूला के लिए एक बड़ी उपलब्धि-गुप्ता

– गुप्ता ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

– सेवानिवृत्त मुख्य अभियंताओं की टीम की गई है गठित -गुप्ता

For Detailed News-

पंचकूला 18 दिसंबर- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि सेक्टर-5 में स्थापित किया जा रहा राष्ट्रीय स्तर का राज्य पुरातत्व संग्रहालय हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाएगा और पंचकुला को अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर एक अलग पहचान दिलाएगा। इस संग्रहालय में हड़प्पा सभ्यता से संबंधित प्राचीन मूर्तियां, स्मारक, सिक्के, हथियार और कवच और पोशाक का संग्रह भी होगा।


श्री गुप्ता आज पचंकूला के सेक्टर 5 में लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राज्य पुरातत्व संग्रहालय का भूमि पूजन करने के उपरांत आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर  पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक श्री महावीर सिंह भी उपस्थित थे।


श्री गुप्ता ने कहा कि राज्य पुरातत्व संग्रहालय को राज्य वास्तुकला विभाग द्वारा डिजाइन किया गया है और इसका निर्माण लोक निर्माण (भवन और सड़कें) विभाग द्वारा किया जा रहा है। संग्रहालय के अगस्त 2023 तक पूरा होने की संभावना है। राज्य पुरातत्व संग्रहालय की दो बेसमेंट सहित सात मंजिला इमारत होगी। उन्होंने कहा कि भवन के भूतल एवं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तल पर संग्रहालय दीर्घा तथा चतुर्थ तल पर ई-लाइब्रेरी स्थापित किये जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि संग्रहालय सदियों पुरानी हड़प्पा सभ्यता के संग्रह को प्रदर्शित करने के अलावा हमारे उन स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी को भी प्रदर्शित करेगा, जिन्होंने विभिन्न स्वतंत्रता आंदोलनों में अपने जीवन का बलिदान दिया है।

https://propertyliquid.com


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने 2016 में राज्य पुरातत्व संग्रहालय स्थापित करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि ऐसी आशंकाएं थी कि इस संग्रहालय को कुरुक्षेत्र में स्थानांतरित किया जा सकता है। लेकिन, उन्होंने इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया और उन्हें अवगत कराया कि पंचकूला जिसे हरियाणा की मिनी राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है, इस संग्रहालय के लिए एक उपयुक्त स्थान है क्योंकि हिमाचल प्रदेश जाने वाले पर्यटक पंचकूला से होकर गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के राज्य पुरातत्व संग्रहालय की स्थापना पंचकूला के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
श्री गुप्ता ने लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग के अधिकारियों को इस भवन के निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि गुणवत्ता के साथ समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सेवानिवृत्त मुख्य अभियंताओं की एक टीम गठित की गई है जो जिले में कहीं भी किए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करेगी।


इस अवसर पर पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की उप निदेशक डॉ बनानी भट्टाचार्य, उप निदेशक पुरालेख श्रीमती मंजू यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजय शर्मा, महामंत्री वीरेंद्र राणा, भाजपा नेता श्री श्यामलाल बंसल, पार्षद नरेंद्र लुबाना, सतबीर चैधरी के अलावा के सी मित्तल, महेंद्र सिंगला और बड़ी संख्या में लोग भी उपस्थित थे।