भारत अध्यात्म के क्षेत्र में भी विश्व का कर रहा है मार्गदर्शन, वह दिन दूर नहीं जब भारत फिर से बनेगा विश्व गुरु-ज्ञानचंद गुप्ता
-श्री गुप्ता ने ब्रहम कुमारी के वर्ष-2022 के थीम ’’स्पिरिच्वल एमपाॅवरमेंट फाॅर कंपेशन एंड काईडनेस’’ का किया विधिवत शुभारंभ
– ब्रहमकुमारी द्वारा लाखों परिवारों को जोड़ने का कार्य भारत में ही नहीं बल्कि विश्व में किया जा रहा है-गुप्ता
पंचकूला, 24 अप्रैल- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों व संतो का देश है और जिस तरह भारत ने हर क्षेत्र में तरक्की की है, उसी तरह अध्यात्म के क्षेत्र में भी भारत विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। वह दिन दूर नहीं जब भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा।
श्री गुप्ता आज सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष आॅडिटोरियम में ब्रहम कुमारी संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम ’’काॅम इन क्राईंसिस’’ में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रजापति ब्रहमकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की दीदी शिवानी भी उपस्थित थी।
इस अवसर पर श्री गुप्ता ने ब्रहम कुमारी के वर्ष-2022 के थीम ’’स्पिरिच्वल एमपाॅवरमेंट फाॅर कंपेशन एंड काईडनेस’’ का दीप प्रज्जवलित कर विधिवत शुभारंभ किया। श्री गुप्ता ने कहा कि यह पंचकूला के लिये सौभाग्य की बात है कि आज ब्रहम कुमारी शिवानी दीदी हम सब के बीच उपस्थित है। उन्होंने कहा कि हम सब लोग टेलीविजन पर उनके संदेश और व्याख्यान को देखते और सुनते है और उनसे अध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करते है। वे पंचकूला के जनप्रतिनिधि होने के नाते पंचकूला में श्री माता मनसा देवी के चरणों में आई शिवानी दीदी का पंचकूलावासियों की ओर से स्वागत और अभिनंदन करते है।
श्री गुप्ता ने कहा कि आज मानव समाज प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर है। जिस प्रकार भारत ने विकास के हर क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है, उसी प्रकार हमारे ऋषि-मुनियों की त्याग और तपस्या के बल पर भारत अध्यात्म के क्षेत्र में भी विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज दीदी शिवानी द्वारा काॅम इन क्राईसिस विषय पर दिया गया संदेश निसंदेह ही आज के तनावपूर्ण जीवन में मन को शांति देने वाला है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार विश्व में बहुत बड़ी एक जंग छिड़ी हुई है, उसी प्रकार हम सबके परिवारों में भी कुछ न कुछ समस्यायें चलती रहती है, जोकि हमारी शांति को भंग करती है। उन्होंने ब्रहमकुमारी संस्था की सराहना करते हुये कहा कि ब्रहमकुमारी द्वारा सैकड़ो नही बल्कि लाखों परिवारों को जोड़ने का कार्य भारत में ही नहीं विश्व में किया जा रहा है। श्री गुप्ता ने कहा कि वे सौभाग्यशाली है कि उन्हें भी ब्रहमकुमारी के मुख्यालय माउनटाबू में जाने का अवसर मिला। श्री गुप्ता ने कहा कि उन्होंने महसूस किया कि एक दो घंटे के अध्यात्म से मन को जो शांति प्राप्त होती है, उसका कोई मूल्य नहीं है।
इस अवसर पर प्रजापति ब्रहमकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की दीदी शिवानी ने श्री गुप्ता को शाॅल उढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर दीदी शिवानी ने उपस्थित लोगों को अध्यात्मिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हम प्रतिदिन कुछ समय मेडिटेशन करके अपने जीवन में शांति व एकाग्रता बनाये रख सकते है।
कार्यक्रम में ब्रहमकुमारी पंचकूला ब्रांच की इंचार्ज बीके अनिता दीदी, बीके नेहा बहन और चंडीगढ से बीके श्वेता बहन व भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।