सिविल सेवा खेलों के लिए चार मार्च को ट्रायल
केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीडा बोर्ड की ओर से साल 2021-22 के अखिल भारतीय सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन मार्च माह में करवाया जाएगा। इस प्रतियोगिता में पुरुषों की फुटबाल, क्रिकेट तथा महिला व पुरुषों के लिए चेस, लान टेनिस तथा कैरम खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन खेलों की राज्य की महिला व पुरुष टीमों का चयन ट्रायल चार मार्च को निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फुटबाल तथा चेस के लिए चार मार्च को करनाल स्थित कर्ण स्टेडियम में ट्रायल लिया जाएगा। क्रिकेट व कैरम के लिए चार मार्च को पंचकूला के सेक्टर तीन स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में ट्रायल लिया जाएगा। ट्रायल में प्रदेश के सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भाग ले सकते हैं। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले प्रतिभागी अपने साथ विभाग से फोटो सहित प्रमाण पत्र लेकर आए कि वे संबंधित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी है। इसके अलावा सत्यापित जन्म प्रमाण पत्र तथा विभाग द्वारा जारी किया गया पहचान पत्र कार्ड संख्या भी लेकर निर्धारित तिथि व स्थल पर सुबह 10 बजे तक पहुंचे।
यहां होंगे मुकाबले
अखिल भारतीय सिविल सेवा खेल प्रतियोगिता के तहत फुटबाल का 10 से 15 मार्च, चेस का 10 से 17 मार्च तक दिल्ली के माडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में आयोजन होगा। इसी प्रकार 10 से 15 मार्च तक क्रिकेट का आयोजन भारत नगर स्पोर्टस काम्पलेक्स तथा दिल्ली के चाणक्यापुरी स्थित विनय मार्ग स्पोर्टस काम्पलेक्स में आयोजन किया जाएगा। लोन टेनिस का आयोजन नौ से 14 मार्च तक चंडीगढ़ स्थित लेक स्पोर्टस काम्पलेक्स तथा कैरम का आयोजन 11 से 15 मार्च तक नई दिल्ली गोल मार्केट के नजदीक रजा बाजार में स्थित गरीब कल्याण केंद्र में किया जाएगा।