*राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने सेक्टर-20 सामुदायिक केंद्र में दुर्गा पूजा समारोह का किया शुभारंभ*
*धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष के साथ लिया दुर्गा पूजा में भाग*
*दुर्गा पूजा जाति, पंथ और समुदाय की सीमाओं से परे लोगों को एक साथ लाती है – राज्यपाल*
पंचकूला सितंबर 28: हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने आज पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सामुदायिक केंद्र में दुर्गा पूजा समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष के साथ दुर्गा पूजा में भाग लिया और प्रदेशवासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
यह आयोजन ट्राईसिटी दुर्गा बाड़ी द्वारा किया जा रहा है, जो पंचकूला में सामाजिक-सांस्कृतिक पहलों और धर्मार्थ गतिविधियों को प्रोत्साहित करने वाला एक सक्रिय युवा संगठन है। दुर्गा पूजा समारोह 1 अक्टूबर तक सामुदायिक केंद्र सेक्टर-20 में आयोजित किया जाएगा।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा कि, दुर्गा पूजा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह धर्म, साहस और बुराई पर अच्छाई की विजय जैसे शाश्वत मूल्यों की पुनः पुष्टि है। यह उत्सव जाति, पंथ और समुदाय की सीमाओं से परे जाकर लोगों को एक साथ लाने का कार्य करता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह पर्व समाज के सभी वर्गों की भागीदारी को बढ़ावा देता है, चाहे वह आयोजन समितियों के माध्यम से हो, सांस्कृतिक और कलात्मक प्रस्तुतियों के रूप में हो या फिर सामूहिक उत्सव के तौर पर। यह सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द का अनुपम उदाहरण है।
इस अवसर पर पंचकूला के उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, और ट्राईसिटी दुर्गा बाड़ी के पदाधिकारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।