जिला प्रशासन ने आगामी 3 से 4 फरवरी के दौरान वर्षा की संभावना के मद्देनजर जिलावासियों को सावधानियां बरतने की दी सलाह
पंचकूला, 2 फरवरी- जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के चण्डीगढ़ केन्द्र द्वारा आगामी 3 से 4 फरवरी के दौरान वर्षा की संभावना के मद्देनजर जिलावासियों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
इस संबंध मंें जानकारी देते हुये एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वर्षा के समय लोगों को ध्यानपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है । वर्षा की संभावना को देखते हुये किसान सिंचाई और उर्वरकों तथा कीटनाशकों का छिड़काव न करें। इसके अलावा आंधी-तूफान के समय बाहर जाने से गुरेज करें व कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान और बिजली गरजने की स्थिति में पेड़ों के नीचे न खड़े हों।
उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हरियाणा के जिला पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, कैथल और रोहतक में 3 और 4 फरवरी को बारिश व आंधी-तूफान के साथ बिजली गरजने की भी संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अनुमान के अनुसार एक ताजा सक्रिय विक्षोभ के द्वारा 4 फरवरी 2022 तक उत्तर-पूर्व भारत को प्रभावित करने की संभावना है। 3 से 4 फरवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली गरजने की भी संभावना है। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी भागों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा।