
*पंचकूला, 27 नवंबर: हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण को युवाओं की सोच व व्यवहार से जोड़ने के उद्देश्य के साथ हरियाणा सरकार द्वारा दो दिवसीय विशेष भ्रमण कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसमें हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए 19 नवंबर 2025 से 5 दिसंबर 2025 तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव एवं नेचर कैम्प थापली का दौरा कर हरियाणा की संस्कृति से परिचित होंगे। यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए उनमें पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का भाव विकसित करेगा।
युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने बताया कि राज्य सरकार युवा शक्ति को ज्ञान, संस्कृति और जिम्मेदारी से जोड़ने के लिए निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में आज चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (CdLU), सिरसा के विद्यार्थी नेचर कैम्प थापली पहुंचे, जहाँ उन्हें प्रकृति संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया की हरियाणा सरकार की यह पहल युवाओं में अपने मूल्यों, सांस्कृतिक गौरव और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को बढ़ावा देकर भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान रेंज ऑफिसर श्री संजय ने विद्यार्थियों को कैम्प क्षेत्र, वन्य जीव संरक्षण, ट्रैकिंग मार्ग और कैम्प नियमों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह कैम्प हरियाणा वन विभाग द्वारा विकसित प्राकृतिक संरक्षण क्षेत्र है, जहाँ प्रकृति अवलोकन और ट्रैकिंग हेतु विभिन्न प्रदेशों से लोग पहुंचते हैं।