*युवाओं को संस्कृति व पर्यटन से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता : नरेंद्र सिंह*

पंचकूला, 20 नवंबर: हरियाणा सरकार की युवा-उन्मुख पहल के तहत कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने वीरवार को पंचकूला स्थित नेचर कैंप थापली का दौरा किया। यह भ्रमण राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक धरोहर से युवा पीढ़ी को अवगत कराने के उद्देश्य से तैयार विशेष कार्यक्रम का भाग है।
युवा कल्याण सयोजक नरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि सरकार ने विद्यार्थियों में पर्यटन, पर्यावरण और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के लिए दो-दिवसीय भ्रमण योजना बनाई है। इस योजना के अंतर्गत विद्यार्थी नेचर कैंप थापली के अतिरिक्त अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव, कुरुक्षेत्र का भी भ्रमण करंगे , जिसमें वे सांस्कृतिक गतिविधियों और धार्मिक-ऐतिहासिक महत्व का अध्ययन करेंगे।
नरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि सरकार युवा पीढ़ी को व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दे रही है, ताकि विद्यार्थी पुस्तकों से परे वास्तविक अनुभव प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक परिवेश, सांस्कृतिक आयोजनों और ऐतिहासिक स्थलों के प्रत्यक्ष अध्ययन से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जानकारी दी कि यह विशेष कार्यक्रम 19 नवंबर से 5 दिसंबर 2025 तक संचालित रहेगा, जिसमें प्रतिदिन हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थी भाग लेंगे।
नेचर कैंप थापली में रेंज ऑफिसर संजय ने विद्यार्थियों को कैंप की विशेषताओं, जैव-विविधता और ट्रैकिंग मार्ग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने इस संरक्षित क्षेत्र में लगभग 153 किलोमीटर लंबा सात दिवसीय ट्रैकिंग मार्ग विकसित किया है, जो साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देते हुए प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सरकार द्वारा संचालित यह पहल युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन गतिविधियों के प्रति समझ एवं रुचि विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।