*राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त महिलाएँ होंगी पात्र*
*पुरस्कार में 5 लाख रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान किए जाएंगे*

पंचकूला, 15 नवंबर : महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचकूला की जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता नेहरा ने बताया कि राज्य स्तरीय “श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार” के लिए महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार 8 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान या महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल करने वाली महिलाएँ इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। हरियाणा की बेटी और सभी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत स्वर्गीय श्रीमती सुषमा स्वराज के नाम पर स्थापित इस पुरस्कार में 5 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किए जाते हैं।
पात्रता मानदंडों की जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि नामांकित महिला का जन्म हरियाणा में हुआ हो और वह महिलाओं के हित में कार्यरत हो। संबंधित क्षेत्र में उनकी उपलब्धियाँ स्पष्ट, महत्वपूर्ण और सुप्रलेखित होनी चाहिए। साथ ही उन महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने कठिन संघर्षों और परिस्थितियों का सामना करते हुए जीवन की मुख्यधारा में स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि चयन का एकमात्र आधार नामांकित महिला का कार्य-निष्पादन और महिलाओं के प्रति उनका समर्पण होगा।
आवेदन प्रक्रिया के बारे में उन्होंने बताया कि नामांकन, योगदान का विवरण और पूरा बायोडाटा 15 दिसंबर 2025 तक उपायुक्त/जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय में भेजा जा सकता है। जिला स्तरीय समिति अपनी अनुशंसा सहित इन नामांकनों को 25 दिसंबर 2025 से पहले विभाग को अग्रेषित करेगी। पात्रता और शर्तें विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती हैं।