प्रियंका गांधी – वाराणसी में करेंगी चुनाव प्रचार

प्रयागराज से शुरू हुई कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी की तीन दिवसीय यात्रा का समापन बुधवार को वाराणसी में होगा।
सुबह प्रियंका गांधी चुनार से सड़क मार्ग से रामनगर में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पैतृक निवास पर पहुंचेंगी। वह रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पैतृक आवास पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी।
इसके बाद प्रियंका गांधी ‘सांची बात प्रियंका के साथ’ कार्यक्रम के जरिए जनता से सीधा संवाद करेंगी।रामनगर घाट से नौका से वे अस्सी घाट आएंगी और यहां विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं व समाज के लोगों से संवाद करेंगी।
फिर नाव से ही वे दशाश्वमेध घाट पहुंचेंगी और यहां मल्लाह समाज के लोगों से बातचीत करने के बाद काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन करेंगी।
बाबा दरबार में पूजन के लिए कांग्रेसी नेताओं ने न्यास अध्यक्ष से लेकर कई पुजारियों से संपर्क किया है। दोपहर बाद सरोजा पैलेस में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।
इसके बाद पुलवामा हमले में शहीद अवधेश यादव, विशाल पांडेय और रमेश यादव के आवास पर जाएंगी। शाम को बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रियंका गांधी दिल्ली रवाना हो जाएंगी।