जाखड़ को फिरोजपुर से चुनाव लड़ने की दी चुनौती – मजीठिया
चंडीगढ़:
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ को फिरोजपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।
मजीठिया ने शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस नेता जाखड़ अबोहर विधानसभा क्षेत्र में एक पार्षद भी नहीं जिता सकते।
यदि उन्हें कांग्रेस की प्रदेश सरकार के विकास कार्यों पर इतना ही भरोसा है तो अपने ही पैतृक संसदीय सीट फ़िरोज़पुर से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पंजाब में लोकसभा की एक सीट भी नहीं जीत सकेगी।
उन्होंने कांग्रेस सरकार को सभी मोर्चों पर विफल बताते हुए कहा कि पार्टी ने अब तक अपने चुनावी घोषणा पत्र में से एक भी वादे को पूरा नहीं किया है।
पंजाब सरकार के खज़ाना खाली होने के दावे पर व्यंग्य करते हुए मजीठिया ने वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि सरकार लोगों पर कोई नया कर भार न होने के दावे कर रही है, परन्तु कैप्टन सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में 11 बार बिजली की दरों में कुल 30 प्रतिशत की वृद्धि की है।