
पंचकूला 26 नवम्बर: हरियाणा सरकार द्वारा हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए 19 नवंबर 2025 से 5 दिसंबर 2025 तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव एवं नेचर कैम्प थापली का दो दिवसीय विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत एवं प्राकृतिक धरोहर से जोड़ना है।
विद्यार्थियों को गीता महोत्सव के माध्यम से भारतीय सभ्यता, दर्शन और सांस्कृतिक मूल्यों को निकट से समझने का अवसर मिलेगा। वहीं नेचर कैम्प थापली का दौरा कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व को जानने का अनुभव प्राप्त होगा।
युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। इसी सोच के तहत यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिससे विद्यार्थी अपनी संस्कृति को और अधिक जान सकें तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक बनें। उन्होंने बताया कि आज चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के विद्यार्थी नेचर कैम्प थापली के भ्रमण पर पहुंचे।
इस दौरान रेंज ऑफिसर श्री संजय ने विद्यार्थियों को कैम्प से जुड़े नियमों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह ट्रैक 153 किलोमीटर लंबा ट्रैक है तथा यहाँ देश के विभिन्न हिस्सों से लोग ट्रैकिंग और प्रकृति अवलोकन के लिए आते हैं। यह क्षेत्र वन विभाग हरियाणा द्वारा विकसित किया गया है।
हरियाणा सरकार की यह पहल युवाओं में संस्कृति और प्रकृति के प्रति जागरूकता को नई दिशा प्रदान करेगी।