
पंचकूला दिसम्बर 23: स्वदेशी जागरण मंच की ओर से पंचकूला के सैक्टर 5 परेड ग्राऊंड में चल रहे स्वदेशी महोत्सव में विरासत दि हेरिटेज विलेज कुरुक्षेत्र द्वारा लगाई गई सांस्कृतिक प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात जाने-माने न्यायाधीश जगदीप लोहान ने युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत से युवाओं को जुडक़र अपने अतीत का इतिहास जानना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो पीढ़ी अपने अतीत के इतिहास को नहीं संजोती उसका भविष्य सुरक्षित नहीं होता। न्यायधीश जगदीप लोहान ने कहा कि हरियाणा की विरासत सांस्कृतिक प्रदर्शनी को देखकर उनके गांव की बचपन की सभी यादें ताजा हो गई। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी वास्तव में हरियाणवी ग्रामीण लोकजीवन की ऐसी झलक है जिसकी ओर सभी आकर्षित हो रहे हैं। न्यायाधीश लोहान ने कहा कि प्रदर्शनी में खेती-बाड़ी के साथ-साथ घरेलू विषय-वस्तुओं का ऐसा संकलन प्रस्तुत किया गया है जो पचास साल पहले गांवों में कृषि संस्कृति का हिस्सा हुआ करता था। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया चौपाल कि अवधारणा अपने आप में नवीन है। इसके माध्यम से सोशल मीडिया में पॉडकास्टिंग की अवधारणा को बल मिला है। इस मौके पर स्वदेशी महोत्सव 2025 के संयोजक राजेश गोयल ने विरासत सांस्कृतिक प्रदर्शनी की ओर से न्यायाधीश जगदीप लोहान को सांझी का स्म़ृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विरासत सांस्कृतिक प्रदर्शनी के संयोजक डॉ. पूनिया ने बताया कि यह प्रदर्शनी स्वदेशी के साथ-साथ सांस्कृतिक संदेश भी दे रही है। इस प्रदर्शनी में विरासत की ओर से तीन सौ से अधिक विषय-वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है।
Hindi News से जुड़े अपडेट और न्यूज लगातार हासिल करने के लिए हमारे साथ फेसबुक पेज और व्हाट्सएप पर जुड़ें।