धूमधाम से मनाया जाएगा गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाशोत्सव।
सिरसा, 21 जुलाई।
“सो किउ मंदा आखीऐ, जितु जनमहि राजान” यानि महिलाओं को क्यों कोई बुरा कहें, जो राजाओं और शूर-वीरों को जन्म देती हैं। श्री गुरुनानक देव जी की ऐसी शिक्षाएँ किसी एक धर्म या समाज के लिए नहीं बल्कि समस्त मानव समाज के लिए है। इसलिए हरियाणा सरकार गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव पर 4 अगस्त को सिरसा में राज्य स्तरीय समारोह मनाने जा रही है ताकि उनकी शिक्षाएँ जन-जन तक पहुंचे। रविवार को फतेहाबाद के लोक निर्माण विश्राम गृह में भाजपा पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन जगदीश चोपड़ा ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को सिरसा की पुलिस लाईन में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गुरु नानक देव जी के जीवन पर लाईट एंड सॉऊंड कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पंडाल में दो जगह लंगर की व्यवस्था की जाएगी। एक बार में लगभग 2 से 3 हजार संगत बैठ कर लंगर ग्रहण करेगी। बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए चेयरमैन जगदीश चोपड़ा ने कहा कि गुरु नानक देव द्वारा कही गई एक-एक बात हमें जीवन जीने की सच्ची राह दिखाती है। ऐसे में हम सभी को भी उनकी शिक्षाओं को ग्रहण करना चाहिए। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों से सिरसा में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में ज्यादा से ज्यादा सहभागिता करने का आह्वान किया। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने अपने संबोधन में कहा कि 4 अगस्त को फतेहाबाद से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सिरसा पहुंचेंगे। इस दिशा में उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बैठक के दौरान जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी, गुलशन हंस, रमेश मेहता, बलदेव ग्रोहा, सरदार अवतार सिंह मोंगा, रमेश गुप्ता, प्रीतम शर्मा, सुखविंदर गोयल, मुकेश सिंगला, राजेंद्र प्रजापति, लक्ष्मण नापा, डॉ रामराज मेहता, बनवारी लाल गहलोत, कंवल चौधरी, हंसराज सचदेवा, शम्मी ढींगड़ा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Watch This Video Till End….
Watch This Video Till End….
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!