
दिल्ली से लखनऊ के बीच विमान का सफर इतना लम्बा हो सकता है यात्रियों ने सोचा तक नहीं था।
दिल्ली से लखनऊ के बीच विमान का एक घंटे का सफर तय करने के लिए यात्रियों को दो घंटे सिर्फ इंतजार करना पड़ा।
बाद में पता चला कि दिल्ली के जाम में विमानन कंपनी के क्रू सदस्य फंस गए। नतीजतन उतनी देर तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
विमान भले ही आसमान में उड़ता है लेकिन उसके पायलट, एयरहोस्टेस समेत अन्य क्रू सदस्य एयरपोर्ट तक सड़क मार्ग से ही आते हैं।
शुक्रवार की देर रात उड़ान संख्या 6ई 528 के क्रू सदस्य जाम में फंस गए। उधर यात्री सुरक्षा जांच कराने के बाद विमान में बैठ चुके थे।
रात 11:27 बजे एक यात्री ने ट्विटर पर इंडिगो के समक्ष अपना गुस्सा व्यक्त किया। इस पर इंडिगो के हैंडल से जवाब दिया गया कि विमान के क्रू सदस्य भीषण जाम में फंस गए थे जिसकी वजह से देरी हुई।
आखिरकार क्रू सदस्य आए तो विमान ने उड़ान भरी।
यह उड़ान रात 12:30 बजे लखनऊ उतरा। इस दौरान यात्रियों को लेने आए उनके रिश्तेदार भी परेशान रहे।
यहां भी काउंटर खाली हो चुके थे। साथ ही एयरपोर्ट के बाहर लगे डिस्प्ले पर विमान कितना लेट है, इसकी कोई सूचना नहीं थी।
