12 अगस्त को भव्य‘‘तिरंगा सम्मान रैली’’ का किया जाएगा आयोजन-ज्ञानचंद गुप्ता
– हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने प्रैस वार्ता में दी जानकारी
– सेक्टर 2 स्थित शहीद मेजर संदीप सांखला स्मारक से शुरू होकर शहीद स्मारक सेक्टर 12 पर समाप्त होगी तिरंगा सम्मान रैली-गुप्ता
– तिरंगा सम्मान रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी जोश, लगभग 5 हजार दो पहिया वाहन होंगे शामिल
पंचकूला, 11 अगस्त- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत कल 12 अगस्त को सायं 4 बजे एक भव्य ‘‘तिरंगा सम्मान रैली’’ का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से पंचकूलावासियों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेतिर किया जाएगा।
यह जानकारी श्री गुप्ता ने आज सेक्टर 1 स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम ग्रह में एक प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए दी। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर श्री कुलभूषण गोयल तथा बीजेपी जिला अध्यक्ष श्री अजय शर्मा भी उपस्थित थे।
श्री गुप्ता ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश व प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयेजित किए जा रहे हैं। इसी श्रंखला में कल 12 अगस्त को तिरंगा सम्मान रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। रैली का शुभारंभ सेंक्टर 2 स्थित शहीद मेजर संदीप सांखला के स्मारक पर पुश्प अर्पित कर किया जाएगा। यह रैली सेक्टर 6, 7, 8, 9, 10, 15, 11 और सेक्टर 12 से होती हुई सेक्टर 12 स्थित शहीद स्मारक पर समाप्त होगी। इस रैली में लगभग 5 हजार दो पहिया वाहन (मोटरसाईकल व सकूटर) शामिल होंगे। इसके अलावा पंचकूला विधानसभा के चारों मण्डलों से कम से कम 500 दोपहिया वाहन रैली में भाग लेंगे। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा भी तिरंगा सम्मान रैली में बढ-चढ कर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं मे भारी जोश देखने को मिल रहा है और वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर इस रैली को सफल बनाएंगे।
श्री गुप्ता ने कहा कि तिरंगा हमारे देश के मान और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की अहमियत इसी बात से जाहिर होती है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीजेपी के सभी सांसदों और विधायकों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि पंचकूला में रैली के भव्य आयोजन के लिए बूथ स्तर से लेकर बूथ की इकाईयों, शक्ति केन्द्रों, मण्डल इकाईयों और जिला इकाईयों को कार्यक्रम में बढ-चढ कर हिस्सा लेने के निर्देश दिये गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 झंडे उपलब्ध करवाए गए हैं और आवश्यकता पड़ने पर तिरंगों की संख्या और बढाई जाएगी ताकि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा झंडा लगा कर अपनी सैल्फी भी ली जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष और करनाल के प्रभारी दीपक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद हरेन्द्र मलिक तथा जिला मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग भी उपस्थित थे।